सिमडेगा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, डेढ़ साल में 26 एनडीपीएस कांड दर्ज, 68 आरोपी गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सिमडेगा पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वर्ष 2025 से लेकर 6 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत 26 मामलों का उद्भेदन करते हुए 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान बड़ी मात्रा में गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर और नशीली कैप्सूल बरामद की गई हैं, जबकि अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया है।
सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे ने बताया कि नशा तस्करों और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस की कार्रवाई से नशा तस्करों और इसके सेवन करने वालों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।
2025 में 15 मामले, 31 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 15 कांड दर्ज किए गए थे। इन मामलों में 582.598 किलोग्राम गांजा और 4.34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। साथ ही 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
2026 में अब तक 11 कांड, 37 गिरफ्तारी
वर्ष 2026 में 6 जून तक 11 एनडीपीएस मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में पुलिस ने 124.409 किलोग्राम गांजा, 34.004 किलोग्राम अफीम, 5.8 ग्राम ब्राउन शुगर और 214 नशीली कैप्सूल बरामद की हैं। इसके अलावा जिले में 3.5 एकड़ क्षेत्र में की जा रही अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया है। इस वर्ष अब तक 37 आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।
अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का हुआ खुलासा
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान राज्य और राज्य के बाहर संचालित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ समन्वित कार्रवाई की गई, जिससे कई अंतर्राज्यीय तस्करों का पर्दाफाश हुआ। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मादक पदार्थों के अलावा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।
नशामुक्त समाज बनाना प्राथमिकता : एसपी
एसपी श्रीकांत राव खोटरे ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करें और न ही दूसरों को इसके लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि गांजा, ब्राउन शुगर, अफीम, नशीली दवाओं की बिक्री, भंडारण, परिवहन अथवा अवैध खेती की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी सूचना देने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
















