झारखंड भवन का औचक निरीक्षण, रेजिडेंट कमिश्नर ने दिए व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

नई दिल्ली : झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने सोमवार को नई दिल्ली के वसंत विहार स्थित झारखंड भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की स्वच्छता, हाउसकीपिंग, मेंटेनेंस, रसोई संचालन और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेजिडेंट कमिश्नर ने भवन परिसर, अतिथि कक्षों, कॉमन एरिया और रसोईघर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर भवन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा स्वच्छता, समयबद्ध रखरखाव और अतिथि सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन परिसर में लंबे समय से खड़े छह अनुपयोगी एवं कंडम वाहनों की पहचान करते हुए उनकी नियमानुसार शीघ्र नीलामी प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे पार्किंग क्षेत्र का बेहतर और सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
कार्यालयी स्थान के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए श्री राजकमल ने उपलब्ध संसाधनों के कार्यकुशल प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, कुछ सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू करने का आदेश दिया, ताकि सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
इस अवसर पर रेजिडेंट कमिश्नर ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में स्थित झारखंड भवन राज्य का प्रतिनिधि संस्थान है। ऐसे में यहां आने वाले अतिथियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार और आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे आगंतुकों को अधिक गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
















