रिम्स में व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण, निदेशक ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

रांची : राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक ने शुक्रवार को चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों के साथ संस्थान के विभिन्न विभागों और सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को बेहतर, पारदर्शी और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए ऑनलाइन भर्ती प्रणाली का डेमो प्रस्तुत किया गया। निदेशक ने इस व्यवस्था को जल्द लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने सुझाव पेटी (सजेशन बॉक्स) को उपयुक्त स्थान पर पुनः स्थापित करने का भी निर्देश दिया।

ओपीडी परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बनाए गए आश्रय गृह का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। वहीं ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के आवागमन के लिए ट्रॉलियों की उपलब्धता की समीक्षा की गई तथा ट्रॉमा मॉर्च्युरी की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में पेइंग वार्ड के नीचे स्थित केंद्रीय सर्वर कक्ष का निरीक्षण कर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही पुराने बीएसएनएल भवन का निरीक्षण करते हुए बीएसएनएल कार्यालय को अस्थायी रूप से पेइंग वार्ड के भूतल पर स्थानांतरित करने तथा पुराने भवन के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कॉटेज परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और रसोईघर में स्थापित आरओ जल की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराने के भी निर्देश दिए गए। रिम्स प्रशासन ने कहा कि इन कदमों का उद्देश्य संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और मरीजों की सुविधा को और बेहतर बनाना है।

















