रांची में प्रथम झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ, 225 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग

रांची : राजधानी रांची के ए.जी. बैडमिंटन हॉल में शुक्रवार को प्रथम झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखंड की प्रधान महालेखाकार (ऑडिट) इंदु अग्रवाल ने किया।
उद्घाटन समारोह में जेएसटीटीए के संरक्षक जय कुमार सिन्हा ने मुख्य अतिथि इंदु अग्रवाल का मोमेंटो एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर उप महालेखाकार (ऑडिट) विकाश कुमार तथा बिहार टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव एवं टीटीएफआई के संयुक्त सचिव राजीव रतन सिंह भी उपस्थित रहे।

रांची जिला टेबल टेनिस संघ (आरडीटीटीए) के सचिव समरजीत सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन के लिए ए.जी. कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए स्थल और सहयोग के लिए इंदु अग्रवाल एवं विकाश कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राज्यभर से करीब 225 खिलाड़ी, उनके अभिभावक और कोच इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने रांची पहुंचे हैं, जो झारखंड में टेबल टेनिस के बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।
समारोह में मीडिया के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की लगातार सकारात्मक कवरेज से इस प्रतियोगिता को व्यापक पहचान मिली है।
अपने संबोधन में प्रधान महालेखाकार इंदु अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से चैंपियनशिप का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों के साथ कुछ रैलियां खेलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
आयोजकों के अनुसार, 11 जुलाई को शाम 5 बजे से अंडर-11 बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के फाइनल आयोजित होंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन के मैचों के परिणाम अलग से जारी किए गए हैं।















