there-need-develop-sports-industry-manufacturing

झारखंड में स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की जरूरत, रोजगार के भी खुलेंगे अवसर

Share
Link copied
there-need-develop-sports-industry-manufacturing
there-need-develop-sports-industry-manufacturing

रांची: झारखंड में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) की स्पोर्ट्स उप समिति की बैठक बुधवार को चैंबर भवन में हुई। बैठक में राज्य में खेलों के विकास के लिए वर्षभर की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही स्पोर्ट्स स्पॉन्सरशिप, निजी निवेश, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और एडवेंचर एवं मनोरंजक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में झारखंड में स्पोर्ट्स इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सदस्यों का कहना था कि इससे राज्य में खेल संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उप समिति के चेयरमैन सुमित कक्कड़, गौतम शाही और राजकुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि उप समिति का लक्ष्य व्यापार जगत, खेल और युवाओं को एक मंच पर लाकर झारखंड में मजबूत खेल वातावरण तैयार करना है। इसके लिए पूरे वर्ष योजनाबद्ध तरीके से प्रयास किए जाएंगे।

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है। खेलों के विकास को केवल सरकार की जिम्मेदारी मानने के बजाय व्यापारिक और औद्योगिक जगत को भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। चैंबर स्पोर्ट्स स्पॉन्सरशिप, निजी निवेश, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए पहल करेगा।

चैंबर के उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय और रोहित पोद्दार ने कहा कि उप समिति के माध्यम से झारखंड के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर सके।

इस दौरान उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में रोटरी क्लब ऑफ रांची डाउनटाउन की ओर से कैंसर जागरूकता के लिए पांच किलोमीटर वॉकाथॉन आयोजित किया जाएगा। FJCCI इस आयोजन में एसोसिएट पार्टनर के रूप में भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने राज्य के नागरिकों, व्यवसायियों, उद्यमियों और युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

बैठक में सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने भी खेलों के विकास के लिए व्यापारिक जगत से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राहुल साबू, ज्योति कुमारी, निधि झुनझुनवाला, बलकार सिंह नामधारी, राहुल मजूमदार, विजय कुमार, संतोष अग्रवाल, संजय विजयवर्गीय और मनमीत सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।