गुमला में दो महिलाओं की हत्या, सिमडेगा के बीरू जंगल में दफनाए थे शव, बाहर निकाले गए

सिमडेगा: गुमला में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव सिमडेगा के बीरू-अरणी जंगल में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में दोनों महिलाओं के पति और आपस में सगे भाई शिव शंकर साहू और नवीन साहू पर हत्या का आरोप है। बुधवार को मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में खुदाई कर दोनों महिलाओं के शव बाहर निकाले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृत महिलाओं की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर निवासी मिनी प्रिया, पति शिव शंकर साहू और राधिका कुमारी, पति नवीन साहू के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद दोनों महिलाओं की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को एंबुलेंस से सिमडेगा के बीरू जंगल लाकर दफना दिया गया।
बताया गया है कि मामले की जांच के दौरान गुमला पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लिया। पूछताछ में शवों को जंगल में दफनाने की जानकारी मिलने के बाद सिमडेगा पुलिस से संपर्क किया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने चिह्नित स्थान पर खुदाई कर दोनों शवों को बरामद किया।
शवों की बरामदगी के दौरान बीरू-अरणी जंगल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। दो महिलाओं की हत्या और उनके शवों को दूसरे जिले के जंगल में दफनाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से महिलाओं की मौत के कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता थी या नहीं और हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद के अलावा कोई अन्य वजह तो नहीं थी।

भुरकुंडा अपहरण कांड का 24 घंटे में खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; अपहृत कमलेश ठाकुर सकुशल बरामद
भुरकुंडा थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई थी वारदात, रांची रिंग रोड के पास पुलिस ने की कार्रवाई…

झारखंड विधानसभा में SIR पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने, बाबूलाल मरांडी ने घुसपैठ का मुद्दा उठाया तो प्रदीप यादव ने मताधिकार की रक्षा पर दी दलील
रांची। झारखंड विधानसभा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। सदन…

















