awareness-campaign-launched-ranchi-curb-illegal

अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए रांची में जागरूकता अभियान शुरू, 8 वाहन रवाना

Share
Link copied
awareness-campaign-launched-ranchi-curb-illegal
awareness-campaign-launched-ranchi-curb-illegal

रांची में अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। मंगलवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के ग्रामीण और सुदूरवर्ती इलाकों में भ्रमण कर लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे।

अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि अफीम की अवैध खेती करना ही नहीं, बल्कि इसके लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराना भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसके लिए 20 वर्ष तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती नहीं करने और किसी को भी इस उद्देश्य से अपनी जमीन लीज या पट्टे पर नहीं देने की अपील की है।

प्रशासन ने अफीम की अवैध खेती या कारोबार से संबंधित सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अवैध खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के अलावा इससे अर्जित धन और संपत्तियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खेती, परिवहन और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।

जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को अफीम की खेती से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति भी सचेत किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इससे जमीन की उर्वरता प्रभावित होती है और तालाब, नदी तथा कुएं जैसे जल स्रोतों के दूषित होने का खतरा रहता है। इसके अलावा नशे की लत का युवाओं, परिवारों और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाना और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मौके पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।