रांची में SIR-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर लगा विशेष शिविर, बड़ी संख्या में पहुंचे मतदाता

रांची : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत शनिवार को रांची जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे और गणना प्रपत्र (Enumeration Form) प्राप्त करने तथा भरे हुए प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिविर के दौरान उन मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया, जिन्हें अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ था। वहीं, पहले से भरे हुए प्रपत्रों को संबंधित बीएलओ (BLO) के पास जमा कराया गया। मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और सहयोग भी प्रदान किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि जिन मतदाताओं का गणना प्रपत्र अभी तक प्राप्त या जमा नहीं हो पाया है, उनके लिए 20 जुलाई 2026 को भी सभी शहरी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाया जाएगा।
उन्होंने शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें अथवा भरा हुआ प्रपत्र जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करना विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र पहले ही बीएलओ के पास जमा कर दिया है या ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक कर दिया है, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है।















