उधवा में चुनावी पाठशाला का बीडीओ ने किया निरीक्षण, एसआईआर डिजिटाइजेशन में प्रखंड जिला में अव्वल

साहेबगंज जिले के उधवा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बुधवार को चुनावी पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीएलओ, राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए-2 एवं मतदाताओं ने भाग लिया। इस दौरान चुनाव पाठशाला के प्रस्तावों एवं विभिन्न अनुलग्नकों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही की गई तथा मतदाता सूची के गणना प्रपत्रों के संग्रहण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के दौरान मृत, स्थानांतरित, लापता एवं डुप्लिकेट मतदाताओं की पहचान कर उनके सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। वहीं, उधवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जयंत कुमार तिवारी ने पूर्वी उधवा, सरफराजगंज, बेगमगंज, राधानगर समेत अन्य पंचायतों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी पाठशाला की गतिविधियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने बीएलओ एवं बीएलए-2 को शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में उधवा प्रखंड ने 86.54 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
बीडीओ ने कहा कि आगामी 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने समय से पूर्व शत-प्रतिशत सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने की बात कही। मौके पर निर्वाचन सहायक बाबूधन हेंब्रम, मुखिया प्रतिनिधि शिवपति मंडल, बीएलओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
















