JPSC विवाद में बड़ा एक्शन: JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के आवास पर CID की छापेमारी

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा को लेकर उठे विवाद और कथित अनियमितताओं के बीच जांच का दायरा और अधिक व्यापक हो गया है। इसी क्रम में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने कार्रवाई करते हुए JPSC के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी की।
CID की टीम भारी पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंची और JPSC से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान आयोग से संबंधित कई अहम कागजात और अन्य अभिलेखों को खंगाला गया। अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि 14वीं सिविल सेवा परीक्षा से जुड़े विवाद के विभिन्न पहलुओं और गड़बड़ियों की सच्चाई सामने लाई जा सके।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई JPSC परीक्षा संचालन और परिणामों में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जांच एजेंसियां इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े तमाम साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है और CID की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और बरामद दस्तावेजों से जुड़ी जानकारियां सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।
















