प्रमंडलीय आयुक्त ने सिमडेगा में विकास योजनाओं की समीक्षा की, राजस्व संग्रहण बढ़ाने के दिए निर्देश

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार ने शुक्रवार को परिसदन भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं राजस्व संग्रहण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा लंबित योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में राजस्व, उत्पाद, खनन, परिवहन और भू-अर्जन विभागों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने राजस्व वसूली बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। एनएच-320जी (कोलेबिरा-बानो-मनोहरपुर) सड़क परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से प्रभावित 50 प्रतिशत से अधिक लोगों को मुआवजा प्रदान किया जा चुका है।
आयुक्त ने टाना भगत समुदाय के कल्याण, ग्रामीण सड़क योजनाओं, मनरेगा और वीबी-ग्राम-जी के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने रामरेखा धाम मेले से पूर्व कुरडेग-सिमडेगा सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में नल-जल योजना का 93.93 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार किशोरियों के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित रखा गया है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष डिजिटाइजेशन का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में केलाघाट डैम में झींगा मछली पालन की सफलता की भी जानकारी साझा की गई।
बैठक के उपरांत समाहरणालय परिसर में प्रमंडलीय आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, आईटीडीए परियोजना निदेशक, अपर समाहर्ता समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















