रांची में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की जुलाई किस्त जारी, 3.97 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 99.30 करोड़ रुपये

रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले के 3 लाख 97 हजार 213 लाभुकों के बैंक खातों में जुलाई 2026 माह की सम्मान राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है। प्रत्येक लाभुक को 2,500 रुपये की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है।


जिला प्रशासन के अनुसार योजना के तहत लाभुकों के खातों में कुल 99 करोड़ 30 लाख 32 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। यह राशि जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों के पात्र लाभुकों के खातों में भेजी गई है।


लाभुकों की संख्या के अनुसार कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,709 लाभुकों को योजना का लाभ मिला। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,267, मांडर में 23,086, सिल्ली में 21,410, बेड़ो में 20,680 और रातू में 20,499 लाभुकों के खातों में सम्मान राशि भेजी गई।


जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी।

















