नोनीहाट में पंखे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दुमका: हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट में सोमवार को एक युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सोनू राउत, पिता अनिल राउत, ग्राम दोयम तेलियाडीह, थाना सारवां, जिला देवघर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोनू राउत पिछले करीब दो महीने से जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुमार के यहां खाना बनाने का काम करता था। मनसा पूजा को लेकर वह अपने घर गया था और शनिवार को वापस नोनीहाट लौटा था। वह नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर में रहकर काम करता था। बताया गया कि सोमवार सुबह सोनू ने नाश्ता बनाया और इसके बाद अपने कमरे में चला गया। दोपहर का खाना बनाने के लिए जब उसकी तलाश की गई तो वह नहीं मिला। कुछ देर बाद कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में हंसडीहा और रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। इधर, मृतक के परिजनों ने सोनू की हत्या कर शव को पंखे से लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।


















