मोबाइल सिम के विवाद में हथियार दिखाकर धमकी, दो युवक गिरफ्तार; देसी कट्टा और गोली बरामद
गढ़वा। चिनिया थाना क्षेत्र में मोबाइल सिम को लेकर हुए विवाद में हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे का बना एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरफ्तार युवकों की पहचान एकबाल अंसारी और अफजल अंसारी, दोनों चिनिया थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है।

चिनिया थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। चिनिया निवासी पप्पू शाह के किराए के मकान में राजबांस गांव निवासी अवधेश यादव, पिता हिरामन यादव रह रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, अफजल अंसारी अपने सहयोगी एकबाल अंसारी के साथ देसी कट्टा और गोली लेकर अवधेश यादव के पास पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने हथियार दिखाते हुए धमकी दी कि अगर मोबाइल सिम वापस नहीं किया गया तो उसे उठा लिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 सितंबर को चिनिया थाना क्षेत्र में कपिल साव की बाउंड्री वॉल के पीछे से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा और 8 एमएम की जिंदा गोली बरामद की। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

















