मोराबादी में 13 सितंबर से फुटबॉल का घमासान, विजेता को मिलेंगे 71 हजार रुपये
रांची। राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में एक बार फिर फुटबॉल का रोमांच देखने को मिलेगा। पिछले 31 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन इस वर्ष 13 से 20 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन मोराबादी क्रीड़ा केन्द्र की ओर से किया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर राजधानी और आसपास के इलाकों के फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार, इस बार भी कई प्रमुख फुटबॉल क्लब प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। ऐसे में आठ दिनों तक मोराबादी में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

टूर्नामेंट के संयोजक डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी की पहचान अब केवल रांची तक सीमित नहीं है। आसपास के जिलों के फुटबॉल खिलाड़ी, क्लब और खेल प्रेमी भी हर वर्ष इस प्रतियोगिता का इंतजार करते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में फुटबॉल का खेल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देता है। प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ राजधानी में फुटबॉल के प्रति लोगों की रुचि को और बढ़ाना है।
विजेता को 71 हजार, उपविजेता को 51 हजार रुपये
मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी के इस संस्करण में विजेता टीम को 71 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी कई पुरस्कार दिए जाएंगे।
इनमें मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर समेत अन्य पुरस्कार शामिल हैं।
आयोजकों के मुताबिक सामाजिक-वैचारिक संगठन रांची रिवोल्ट जन मंच और लक्ष्य डिफेंस अकादमी के सदस्य भी टूर्नामेंट के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
31 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के कारण मोराबादी का मैदान एक बार फिर फुटबॉल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।

















