आज शाम नरसिंह घाट पर होगी सुदिव्य कुमार सोनू की अंत्येष्टि, दोपहर 12 बजे गिरिडीह पहुंचेंगे CM हेमंत सोरेन

गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके निधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी काफी मर्माहत हैं। सुदिव्य कुमार सोनू की अंत्येष्टि रविवार शाम गिरिडीह के नरसिंह घाट पर की जाएगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को दिन के करीब 12 बजे रांची से गिरिडीह पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दिवंगत मंत्री के अंतिम दर्शन करेंगे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
परिवार और सरकार की ओर से सुदिव्य कुमार सोनू की अंत्येष्टि की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक रविवार शाम करीब चार बजे गिरिडीह के नरसिंह घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग मौजूद रह सकते हैं। सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सामने आने के बाद से ही गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। उनके आवास पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके निधन को झारखंड के लिए बड़ी क्षति बता रहे हैं।

बताया गया है कि सुदिव्य कुमार सोनू की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनका निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झामुमो और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख जताया है। नेताओं ने उनके निधन को पार्टी, सरकार और झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
















