सागर में जहरीली शराब का कहर, 11 लोगों की मौत; कई की हालत गंभीर

सागर: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली और अवैध शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। तीन दर्जन से अधिक लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात गूगरा, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने कथित तौर पर अवैध शराब का सेवन किया था। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद कुछ लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अस्पताल लाए गए कई मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई है। सागर के CMHO देवेश पटेरिया ने बताया कि लक्षणों के आधार पर मिथाइल अल्कोहल पॉइजनिंग का संदेह हो सकता है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और नर्सों की टीमें प्रभावित गांवों में भेजी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग और जांच कर रहे हैं। मरीजों को प्राथमिक स्तर पर स्थिर किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जा रहा है।

जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रभावित गांवों में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच अभियान शुरू किया गया है। गूगरा, नौराज, बराज, खुर्द, पाटन, चौका, दलपतपुर, बमूरा, लिधौरा और हिनौता समेत आसपास के इलाकों के लोगों की जांच की जा रही है। शराब पीने वाले लोगों को अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई है।।गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की शराब का सेवन करने के बाद असामान्य लक्षण महसूस होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।

घटना के बाद प्रशासन भी एक्शन मोड में आ गया है। क्षेत्र की छह शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और वहां से शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, वे किसी भी तरह का लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य जांच कराएं। स्थानीय लोग डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर स्क्रीनिंग करा सकते हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें फिलहाल प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और जांच कर रही हैं। मौतों और गंभीर मरीजों की संख्या को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
















