सुदिव्य कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, गिरिडीह पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री रविवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व खो दिया है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार ने जनसेवा और राज्य के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

झारखंड ने खोया युवा नेतृत्व
सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन को राज्य के लिए बड़ी राजनीतिक क्षति के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

















