मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे तथा विशेष रूप से धनबाद की जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाया। उनके निधन से झारखंड ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन से राज्य के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

















