मानगो में आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ फिर सक्रिय, इसे हर हाल में तोड़ना होगा: सरयू राय

Share
Link copied

 Criminal-political nexus active again in Mango,
Saryu Roy

नीरज तिवारी / जमशेदपुर

जमशेदपु : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ के फिर से सक्रिय होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस गठजोड़ के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो चुकी है और समाज के सभी वर्गों को इसके विरोध में एकजुट होकर आगे आना चाहिए। अपने बयान में सरयू राय ने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों से यह कथित गठजोड़ सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए भ्रामक खबरें फैलाकर अपनी मौजूदगी का संकेत दे रहा था, लेकिन अब इसकी गतिविधियां खुलकर सामने आने लगी हैं।

RKDF
Adv

जमशेदपुर हिमांशु हत्याकांड: अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर, पुलिस जल्द करेगी पूरे मामले का खुलासा
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से वह इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली को देखते आ रहे हैं। उनके अनुसार, राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अपराधी मंत्री और विधायक के साथ तस्वीरों वाले पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर यह संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं कि उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है।सरयू राय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक युवा नेता की पहचान का इस्तेमाल कर कृष्णा नगर, गुरुद्वारा बस्ती और पारस नगर क्षेत्रों में कम उम्र के युवाओं को प्रभावित कर उन्हें अपराध की दुनिया में धकेलने तथा गिरोह के लिए मानव संसाधन तैयार करने की कोशिश की जाती रही है।

उन्होंने दावा किया कि यह गिरोह अब दोबारा सक्रिय हो गया है और पूरे मानगो नगर निगम क्षेत्र में अपना नेटवर्क मजबूत करने में जुटा है। उनका आरोप है कि जब इनके राजनीतिक संरक्षकों को जनता चुनाव में नकार देती है तो इनकी गतिविधियां धीमी पड़ जाती हैं, लेकिन संरक्षकों के फिर सक्रिय होते ही अपराधियों की जुटान भी शुरू हो जाती है। विधायक ने कहा कि नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद यह गिरोह निष्क्रिय था, लेकिन मानगो नगर निगम चुनाव के बाद इसकी गतिविधियां फिर तेज हो गई हैं।

सरयू राय ने यह भी आरोप लगाया कि अब अपराधियों का नाम लेने भर पर उनके समर्थक विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और तस्वीरों का अपमान जैसी गतिविधियों पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र को अपराधियों का नया अड्डा बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने मानगो की जनता से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए कहा कि उभरते आपराधिक-राजनीतिक गठजोड़ को समय रहते समाप्त करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को उन लोगों का मनोबल बढ़ाना चाहिए जो अपराध और उसके कथित राजनीतिक संरक्षण के खिलाफ खड़े हैं।

सरयू राय ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो बालीगुमा-गुरुद्वारा रोड से लेकर आजाद नगर और जाकिर नगर तक का पूरा मानगो नगर निगम क्षेत्र अपराधियों के प्रभाव में आ सकता है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।