न्याय संहिता डैशबोर्ड में सिमडेगा पुलिस का परचम, 64.74 अंक के साथ झारखंड में प्रथम

सिमडेगा: डिजिटल पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के क्षेत्र में सिमडेगा पुलिस ने झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के प्रशिक्षण प्रभाग द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर किए गए प्रदर्शन मूल्यांकन में सिमडेगा पुलिस को 64.74 अंक मिले हैं। इसके साथ ही सिमडेगा जिला राज्य में प्रथम स्थान पर रहा।

न्याय संहिता डैशबोर्ड के प्रदर्शन को लेकर चयनित जिलों के साथ आयोजित संवाद एवं वीडियो सम्मेलन में सिमडेगा पुलिस के प्रदर्शन को उल्लेखनीय पाया गया। पुलिसिंग में डिजिटल प्रक्रियाओं को अपनाने, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक कार्यों में दक्षता के मामले में जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया।

मूल्यांकन के दौरान सिमडेगा पुलिस को सूचना एवं संचार तकनीक के उपयोग में 10 में से पूरे 10 अंक मिले। वहीं कार्य संचालन की दक्षता में 32.98 अंक, प्रशासनिक सुधार में 17.05 अंक और विभिन्न प्रणालियों के एकीकरण में 4.71 अंक प्राप्त हुए। इन सभी मानकों के आधार पर सिमडेगा पुलिस ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया।

सिमडेगा पुलिस की ओर से ई-साक्ष्य, ई-समन समेत विभिन्न डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिसिंग की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और तकनीक आधारित बनाना है। पुलिस के प्रदर्शन से यह भी सामने आया है कि तकनीकी दक्षता, बेहतर कार्यप्रणाली और टीमवर्क के जरिए सीमित संसाधनों में भी प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

एसपी श्रीकांत एस. खोटरे के निर्देशन में सिमडेगा पुलिस तकनीकी दक्षता के साथ जनसंवाद और मानवीय संवेदनशीलता को भी प्राथमिकता दे रही है। जनसंवाद कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ‘मोर पुलिस, मोय पुलिस’ अभियान के माध्यम से महिला एवं बाल सुरक्षा, डायन-बिसाही, सर्पदंश और साइबर अपराध से बचाव को लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस विभाग की ओर से सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन जैसी सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को सरल, सुगम और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है। न्याय संहिता डैशबोर्ड के मूल्यांकन में झारखंड में प्रथम स्थान हासिल करना सिमडेगा पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह जिले में आधुनिक, तकनीक आधारित, जवाबदेह और जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करता है।


बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी गिरफ्तार, कई जिलों में लूट की घटनाओं में रहा है शामिल
गोड्डा: नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक के समीप 8 जुलाई को बंगाल ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट के मामले में पुलिस…

SIR को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की मुलाकात, समय बढ़ाने की मांग
रांची: एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से…
















