अवैध लॉटरी और जुआ के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार

जमशेदपुर: साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी और जुआ संचालित करने के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लॉटरी बोर्ड, नंबर लिखी कॉपियां, नकद रुपये, मोबाइल फोन और ऑनलाइन सट्टे से संबंधित सामग्री बरामद की है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गी लाइन के आसपास अवैध रूप से लॉटरी और जुआ का संचालन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर संबंधित स्थानों पर छापेमारी की गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के होमपाइप कल्याण नगर निवासी 30 वर्षीय नीरज कुमार सिंह, काशीडीह बगान नंबर-3 निवासी 28 वर्षीय दिलीप पासवान और होमपाइप निर्मल नगर निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार सिंह शामिल हैं। चौथे आरोपी की पहचान और भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजार में लोगों को अधिक रुपये कमाने का लालच देकर सट्टा खेलने के लिए प्रेरित करते थे। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन गोवा स्टार एप के माध्यम से भी सट्टा लगवाकर लोगों से रुपये लिए जाते थे। पूछताछ में अवैध कारोबार से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो लॉटरी बोर्ड, 2510 रुपये नकद, विभिन्न नंबरों से लिखी बंसल कंपनी की कॉपी, रियलमी का नीले रंग का मोबाइल फोन और नीरज कुमार सिंह के मोबाइल में मिले गोवा स्टार एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद की है।

मामले को लेकर साकची थाना में कांड संख्या 70/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 292, 112(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब अवैध लॉटरी और सट्टे के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

छापेमारी टीम में साकची थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार प्रणव, सहायक अवर निरीक्षक रमेश राम, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार पांडेय समेत थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


JSSC CGL पेपर गड़बड़ी मामले में रांची नगर निगम के फूड इंस्पेक्टर गिरफ्तार, गिरिडीह से CID ने दबोचा
रांची/गिरिडीह। झारखंड में JSSC CGL परीक्षा में कथित पेपर गड़बड़ी मामले की जांच कर रही CID ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की…

भ्रष्ट अफसरशाही पर सरकार की जवाबदेही तय हो : अविनेश कुमार
रांची: झारखंड में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार…

















