गढ़वा में जुआ खेलते तीन राज्यों के 8 जुआरी गिरफ्तार; 10.49 लाख रुपये नकद बरामद
गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में अवैध रूप से संचालित जुआ अड्डे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर उंटारी थाना क्षेत्र में देर रात हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस को जुआ अड्डे के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसपी मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, अन्य पुलिस पदाधिकारियों और QRT टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

मौके से 10 लाख से अधिक नकद बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से 10 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने चार चारपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल, सात एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक बैग, दरी और ताश के पत्ते भी मिले हैं। बरामदगी में बड़ी नकद राशि मिलने के बाद पुलिस इस पूरे जुआ अड्डे के संचालन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
तीन राज्यों से पहुंचे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में—
सुंदर साह, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, शमशेर ख़ां, बाबूजी शाह
,पुष्पेंद्र वैश्य,दिलीप कुमार,रामनरेश,अखिलेश उपाध्याय
शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।
अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान जारी
गढ़वा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नगर उंटारी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जुआ अड्डा कब से संचालित हो रहा था तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
















