रांची में नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों पर गिरेगी गाज, सीलिंग की तैयारी

रांची: राजधानी रांची में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। भवन निर्माण नियमों, पार्किंग और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर संचालित कोचिंग संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जांच के दौरान सामने आई खामियों पर चर्चा हुई। निगम की ओर से पूर्व में जारी नोटिस के आलोक में कोचिंग संचालकों ने अपना पक्ष भी रखा।
बैठक में सामने आया कि अधिकांश कोचिंग संस्थानों के पास भवन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं है और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। इसके अलावा आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षित निकासी के लिए इमरजेंसी एग्जिट और अग्नि सुरक्षा से संबंधित फायर एनओसी की उपलब्धता में भी कमियां पाई गईं।
जांच के दौरान कुछ संचालकों ने भवन का नक्शा प्रस्तुत किया, लेकिन ये नक्शे आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत पाए गए। इसके बावजूद संबंधित भवनों में व्यावसायिक गतिविधि के तहत कोचिंग संस्थान संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम ने इसे स्वीकृत भवन उपयोग के नियमों के उल्लंघन का मामला माना है।

बैठक में कई कोचिंग संचालकों ने अपने संस्थानों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि समय चाहने वाले संचालकों को नोटराइज्ड शपथ पत्र के साथ विधिवत आवेदन नगर निगम में जमा करना होगा। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल मौखिक रूप से समय मांगने से किसी संस्थान को कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी। भवन के स्वीकृत उपयोग, पार्किंग, आपातकालीन निकासी और अग्नि सुरक्षा से जुड़े अनिवार्य मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी कोचिंग संस्थान संचालकों से निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियमों का अनुपालन कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

युवाओं को बरगलाकर देश की अर्थव्यवस्था अस्थिर करने की कोशिश कर रहा विपक्ष: संजय सेठ
पलामू: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विपक्ष पर युवाओं को गुमराह कर देश में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया…

पीपीके कॉलेज की एनसीसी यूनिट बहाल करने की मांग, राज्यपाल से मिले देवेंद्रनाथ महतो
रांची: बुंडू स्थित पीपीके कॉलेज की एनसीसी यूनिट बंद किए जाने के मामले को लेकर JLKM के उपाध्यक्ष एवं छात्र नेता देवेंद्रनाथ…
















