municipal-corporation-clean-ghats-74-ponds

छठ से पहले रांची के 74 तालाबों के घाटों की सफाई में जुटा नगर निगम

Share
Link copied
municipal-corporation-clean-ghats-74-ponds
municipal-corporation-clean-ghats-74-ponds

रांची: छठ महापर्व को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के 74 तालाबों के घाटों पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। इसके लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों की तैनाती की गई है। वहीं, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद चिह्नित तालाबों और जलाशयों की सफाई के लिए करीब 600 सफाई मित्रों ने जिम्मेदारी संभाली। अभियान के तहत प्रतिमाओं के अवशेष और पूजा सामग्री हटाकर उनका उचित निस्तारण किया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार, छठ से पहले घाटों के साथ आसपास के क्षेत्रों और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराना है।

दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन के लिए चिह्नित स्थलों पर विशेष व्यवस्था की गई थी। तालाबों में प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित कुंड और पूजा सामग्री के विसर्जन के लिए अलग जलकुंड बनाए गए थे। गहरे पानी वाले हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए बांस-बल्लियों और रिबन से घेराबंदी भी की गई थी। नगर निगम ने बड़ा तालाब, लाइन टैंक तालाब, जेल तालाब, करमटोली तालाब, मछली तालाब, कांके डैम, धुर्वा डैम, हटिया क्षेत्र के जलाशयों सहित शहर के विभिन्न चिह्नित विसर्जन स्थलों पर सफाई कराई है।

नगर निगम का कहना है कि पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण प्राथमिकता है। छठ महापर्व तक घाटों की नियमित निगरानी और सफाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूजा सामग्री, प्लास्टिक, कपड़े और अन्य कचरा तालाबों में नहीं डालें। कचरे का निस्तारण निर्धारित स्थलों पर ही करें और छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।