दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम; पंडालों में CCTV और ड्रोन से निगरानी
रांची। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 28 सितंबर 2026 को पुलिस मुख्यालय, रांची में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड की अध्यक्षता में राज्य के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सभी जिलों को पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में हजारीबाग, दुमका और चाईबासा के डीआईजी तथा रांची, धनबाद और जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक समेत सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

हर जिले में 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। कंट्रोल रूम में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी और बल की तैनाती की जाएगी। किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल पुलिस मुख्यालय के वरीय अधिकारियों और महानिदेशक नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।
सभी पूजा पंडालों का होगा सत्यापन
पुलिस को लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी सभी पूजा पंडालों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। वरीय पुलिस अधिकारी स्वयं पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। संवेदनशील पंडालों और क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।

CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया है।
पंडालों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकासी की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। संयुक्त नियंत्रण कक्ष से सुरक्षा व्यवस्था की 24 घंटे निगरानी की जाएगी।

फायर ब्रिगेड और मेडिकल इमरजेंसी की व्यवस्था
पूजा पंडालों में अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा और विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। आवश्यकता के अनुसार पुलिस-मित्र और वॉलेंटियर की मदद भी ली जाएगी। भीड़भाड़ वाले पंडालों में Emergency Exit Gate की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

छेड़खानी, चोरी और चेन स्नैचिंग पर विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। छेड़खानी, चोरी और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी की जाएगी। डांडिया और अन्य नृत्य कार्यक्रमों में भी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्ट और अफवाहों के जरिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। ऐसे मामलों में असामाजिक तत्वों के खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पूजा के नाम पर होने वाली अवैध चंदा वसूली को भी चिह्नित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
विसर्जन जुलूस के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था
दुर्गा पूजा प्रतिमाओं के विसर्जन की तिथि और जुलूस के मार्गों का पहले से सत्यापन करने को कहा गया है। जुलूस के रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। विसर्जन जुलूस में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। विसर्जन घाटों और नदियों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जुलूस की वीडियोग्राफी और ड्रोन सर्विलांस कराने तथा साउंड सिस्टम के जरिए उत्तेजक गानों के इस्तेमाल पर नियंत्रण रखने को कहा गया है। विसर्जन स्थलों पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
DJ को लेकर हाईकोर्ट के आदेश का पालन
दुर्गा पूजा के दौरान DJ के इस्तेमाल को लेकर पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को उच्च न्यायालय द्वारा जारी न्यायादेश का अक्षरशः पालन कराने का निर्देश दिया है।
क्यूआरटी और दंगा नियंत्रण बल रहेंगे तैयार
जिलों में तैनात पुलिस बल को दंगा-रोधी संसाधनों से लैस रखने तथा क्यूआरटी टीमों को तैयार और सतर्क रखने का निर्देश दिया गया है। आवश्यकता के अनुसार पुलिस हेल्पडेस्क भी बनाए जाएंगे। विजयादशमी के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के साथ-साथ भगदड़ और विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
लंबित वारंट और कुर्की के मामलों के निपटारे का निर्देश
पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस अधीक्षकों को सांप्रदायिक दंगों से संबंधित दर्ज मामलों, लंबित वारंट और कुर्की के मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया है।इसके अलावा अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया है। जिलों के संवेदनशील हॉट-स्पॉट चिह्नित कर वहां लगातार आसूचना संकलन, थाना और जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक तथा स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्ती और एंटी क्राइम चेकिंग भी बढ़ाने को कहा गया है। बैठक में पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर पुलिस महानिदेशक अभियान टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक अप०अनु०वि० मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा प्रभात कुमार समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे

SIR को लेकर झामुमो का विरोध, चाईबासा में मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन
चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोमवार को चाईबासा में विरोध प्रदर्शन किया।…

प्रेमिका की हत्या के आरोप में अग्निवीर जवान गिरफ्तार, जंगल में दफनाया था शव
सिमडेगा: टीटांगर थाना क्षेत्र में प्रेमिका की हत्या कर शव को जंगल में दफनाने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।…

















