एसआईआर के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और निर्णयों की समीक्षा की मांग

सिमडेगा: मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा सहित मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को सिमडेगा में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और समाहरणालय परिसर में पुतला दहन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

पैदल मार्च से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा। प्रदर्शन में सिमडेगा विधायक सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और जिप सदस्य सह कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार सबसे महत्वपूर्ण अधिकारों में से एक है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार का बदलाव पारदर्शी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता का नाम महज सूची की एक प्रविष्टि नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक भागीदारी और अधिकार से जुड़ा विषय है।

उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच तथा गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उनके कार्यकाल में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा की मांग रखी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की पूरी प्रक्रिया की भी स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए।

भूषण बाड़ा ने निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा प्रबंधन के केंद्रीकरण की स्वतंत्र तकनीकी एवं संस्थागत जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी मतदाता का नाम हटाने या उसमें बदलाव करने से पहले उचित सत्यापन, आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का प्रभावी अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने तथा समीक्षा के निष्कर्ष और आवश्यक कार्रवाई को सार्वजनिक करने की मांग की।

कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। एसआईआर के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी से अनजान हैं, इसलिए उन्हें पर्याप्त जानकारी और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। मतदाता सूची में किसी भी बदलाव से पहले उचित सत्यापन और संबंधित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिया जाना चाहिए।

जिप सदस्य सह कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया में ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से पहले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और उचित सत्यापन होना चाहिए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना सूचना और सुनवाई के नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज के ग्रामीणों को मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। एसआईआर की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

कार्यक्रम में संतोष कुमार सिंह, अख्तर खान, रणधीर रंजन, अजीत लकड़ा, नुवेल मिंज, रफीक अंसारी, राकेश कोंगाड़ी, अशफाक आलम, अमित डुंगडुंग, मनोज प्रसाद, बिपिन पंकज मिंज, सिलबेस्तर बाघवार, जिशान खान, प्रदीप केसरी, सुनिल खड़िया, ज्वलंत बेक, शकील अहमद, सलमान खान, इम्तयाज हुसैन, चंदन कुमार, विवेक एक्का, समीर किंडो, लुसियन मिंज, शफी, सजदा खातुन, रामकुमार कोईराला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
विश्व हृदय दिवस: अर्जुन की छाल में छिपा दिल का सहारा, सिमडेगा में भरपूर उपलब्धता
सिमडेगा: 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय को स्वस्थ रखने के प्राकृतिक उपायों की चर्चा के बीच सिमडेगा…

गिरिडीह उपचुनाव में उतरने के संकेत, श्वेता शर्मा ने कार्यकर्ताओं से मांगा साथ
गिरिडीह। दिवंगत शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनकी पत्नी श्वेता शर्मा…
















