एड्स नियंत्रण को लेकर गुमला में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया बचाव का संदेश

निर्मल सिंह
गुमला: झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में जिले में एड्स नियंत्रण एवं बचाव को लेकर सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को गुमला सदर बीडीओ एवं अस्पताल उपाधीक्षक अनुपम किशोर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में एएनएम की छात्राएं शामिल हुईं। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां, बैनर और जागरूकता संबंधी नारे लिखे पोस्टर लेकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को एचआईवी-एड्स के कारण, बचाव, रोकथाम और इससे जुड़ी भ्रांतियों के प्रति जागरूक किया गया।

जिला एचआईवी काउंसलर युगांत कुमार ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत शहर के विभिन्न चौक-चौराहों के अलावा जिले के सभी प्रखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मधु कुंज की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एचआईवी-एड्स से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

नुक्कड़ नाटक के जरिए असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के इस्तेमाल तथा जागरूकता की कमी से होने वाले संक्रमण के खतरे को सरल तरीके से समझाया जा रहा है। साथ ही लोगों को समय पर जांच कराने और एचआईवी से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

युगांत कुमार ने कहा कि एचआईवी संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। सही जानकारी, सावधानी और समय पर जांच के माध्यम से संक्रमण के जोखिम को कम किया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य लोगों के बीच एचआईवी-एड्स को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और बचाव के प्रति जागरूक करना है।

दुर्गा पूजा को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम; पंडालों में CCTV और ड्रोन से निगरानी
रांची। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर झारखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 28…

चौकीदारों को क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने का निर्देश, कार्यों और दायित्वों की की गई समीक्षा
सिमडेगा: जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे के निर्देश…
















