28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा सघन एचआईवी जागरूकता अभियान

निर्मल सिंह
गुमला: जिले में 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक सघन एचआईवी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के निर्देश और उपायुक्त के मार्गदर्शन में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एचआईवी/एड्स के साथ नशामुक्ति, मानसिक तनाव और टीबी नियंत्रण को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

शुक्रवार को सदर अस्पताल सभागार में जिला यक्ष्मा सह एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. केके मिश्रा और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर ने प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि Intensified IEC Campaign 2026 के तहत 28 सितंबर को सदर अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा सदर अस्पताल, पटेल चौक और बाजार टांड़ में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एचआईवी के संचरण, बचाव, एचआईवी/एड्स रोकथाम अधिनियम-2017 और भेदभाव रोकने को लेकर जागरूक किया जाएगा।

अभियान के दौरान शिक्षा विभाग के सहयोग से शहरी क्षेत्र के 10 और प्रत्येक प्रखंड के 10-10 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। कॉलेजों में एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स के बीच भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रत्येक प्रखंड की 20 पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कारागार में बंदियों की एचआईवी जांच के साथ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 290 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें वर्तमान में 256 लोग Alive on ART हैं, जबकि 34 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। अप्रैल से सितंबर 2026-27 के दौरान जिले में एचआईवी के 11 नए मामले सामने आए हैं।

उन्होंने बताया कि एचआईवी संक्रमित 34 गर्भवती महिलाओं में से 26 ने स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया है और सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव है। गुमला एआरटी सेंटर में 190, रिम्स रांची में 38 और अन्य स्थानों पर 28 लोग इलाजरत हैं। गुमला एआरटी सेंटर गुमला के अलावा सिमडेगा और लोहरदगा सहित कुल 282 लोगों को सेवाएं प्रदान कर रहा है।

सामाजिक योजनाओं के तहत 238 लोगों को पेंशन, 246 लोगों को राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। प्रेस वार्ता में डॉ. तनु कुमारी, परामर्शी युगांत दुबे, टेक्नीशियन धनेश्वर महतो और लतीक मौजूद थे।

गोलमुरी बाजार में ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने चोरी, बैंक डकैती के अगले दिन फिर वारदात
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने लगातार दूसरे दिन बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गुरुवार को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में…

रजरप्पा पूजा के लिए निकले पांच दोस्तों की कार चौपारण घाटी में पलटी, एक की मौत, चार घायल
हजारीबाग: लखीसराय से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए निकले पांच दोस्तों की कार शुक्रवार रात चौपारण थाना क्षेत्र की घाटी में…
















