अपराध नियंत्रण को लेकर रांची पुलिस की सख्ती, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्धों की निगरानी के निर्देश

रांची: जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर बुधवार को रांची पुलिस की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक यातायात की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी, संदिग्धों के सत्यापन और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और मजबूत आसूचना तंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों का विशेष सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसमें एनडीपीएस, चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ और शराब सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे लोगों की वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाकर उन पर निगरानी रखने को कहा गया।
इसके अलावा आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उनका बैड कैरेक्टर रजिस्टर अद्यतन रखने तथा उनके आपराधिक इतिहास और वर्तमान गतिविधियों के आधार पर नियमानुसार निगरानी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार ऐसे अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

आगामी छठ पूजा, जतरा और काली पूजा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पूजा स्थलों, छठ घाटों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
पर्व-त्योहारों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और यातायात बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।

पटरी पर रखी जनरेटर ट्रॉली से टकराई गोड्डा-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन, टला बड़ा हादसा
गोड्डा: हंसडीहा-भागलपुर रेलखंड पर बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। डांड़े हॉल्ट और पांडे टोला हॉल्ट के बीच रेलवे…

बरहेट में झामुमो को झटका, सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए राजा राम मरांडी
साहेबगंज: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को राजनीतिक झटका लगा है। झामुमो के वरिष्ठ नेता…

















