अपराध पर शिकंजा कसने को एसपी के सख्त निर्देश, 60-90 दिनों में कांडों के निष्पादन पर जोर

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शनिवार को एसपी कार्यालय के सभागार में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज और निष्पादित कांडों की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के साथ अनुसंधान की गुणवत्ता और साक्ष्य आधारित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
60 और 90 दिनों में कांडों के निष्पादन पर जोर
एसपी ने अधिकारियों को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कांडों का निर्धारित समयसीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों के निष्पादन में तेजी के साथ अनुसंधान गुणवत्तापूर्ण और साक्ष्य आधारित होना चाहिए। संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और लंबित मामलों के उद्भेदन के लिए सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया गया। सक्रिय अपराधकर्मियों और नक्सलियों के सत्यापन के साथ जमानतदारों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया।
सीसीटीवी, ई-साक्ष्य और CEIR का होगा अधिक इस्तेमाल
अपराध नियंत्रण में आधुनिक तकनीक के उपयोग को लेकर भी एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। रोड फेसिंग सीसीटीवी कैमरे लगाने, घटनास्थल से साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और दस्तावेजीकरण के लिए ई-साक्ष्य (e-Sakshya) का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए CEIR पोर्टल का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। मालखाना और लावारिस संपत्तियों से जुड़े मामलों का भी समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर निगरानी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई तथा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की e-DAR में प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया।

गणेश और विश्वकर्मा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट
आगामी गणेश पूजा, विसर्जन और विश्वकर्मा पूजा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पूजा स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और चेकिंग के साथ जुलूस व विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया। सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने और अफवाह फैलाने अथवा अशांति पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
नशे और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
एसपी ने अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने और नशे तथा अड्डेबाजी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। साथ ही वारंटों का समय पर निष्पादन और गवाहों की न्यायालय में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बिट पुलिसिंग और पेट्रोलिंग मजबूत करने पर जोर
क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए बिट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश दिया गया। निर्माण एवं विकास कार्यों वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमडेगा, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। न्यायालय की ओर से अपर लोक अभियोजक भी बैठक में शामिल हुए।
















