10 लाख का इनामी नक्सली संजय यादव दो दिन की पूछताछ के बाद जेल भेजा गया, जंगल से हथियार और गोलियां बरामद

पलामू: प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर और 10 लाख रुपये के इनामी संजय यादव उर्फ संजय गोदराम उर्फ बुधराम को दो दिन की पुलिस रिमांड के बाद बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के केमो दुधिया जंगल से जमीन में छिपाकर रखे गए हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार को प्रेसवार्ता में गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरामद सामान में 7.62 एमएम की एक एसएलआर राइफल, 7.62 एमएम के 140 जिंदा कारतूस, .303 बोर की 150 जिंदा गोलियां, एसएलआर की तीन खाली मैगजीन, एक राइफल का बट और एक मैगजीन पाउच शामिल हैं।

एसपी के अनुसार, गुप्त सूचना पर महाराष्ट्र एटीएस ने 6 नवंबर को ठाणे स्थित एक खटाल से संजय यादव को हिरासत में लिया था। इसके बाद छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना प्रभारी सौरभ कुमार महाराष्ट्र पहुंचे और चार दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर उसे पलामू लाए। 9 नवंबर को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके बाद 10 नवंबर को पिपरा थाना कांड संख्या 28/20 में दो दिनों की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, संजय यादव मूल रूप से छतरपुर के देवगन का रहने वाला है। उसके खिलाफ बिहार और झारखंड में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पलामू में 32, गढ़वा में एक, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया में 10 मामले शामिल हैं। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

एसपी ने बताया कि संजय यादव करीब 15 वर्षों तक माओवादी संगठन से जुड़ा रहा। वह जोनल कमांडर नितेश यादव के दस्ते में शामिल था। करीब एक महीने पहले उसने संगठन छोड़ दिया था और रोजगार की तलाश में मुंबई चला गया था। वहां एक परिचित की मदद से कपड़ा बनाने वाली फैक्ट्री में काम भी मिला, लेकिन तकनीकी जानकारी नहीं होने के कारण उसे नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद वह पिछले 15 दिनों से ठाणे के एक खटाल में रह रहा था।
पूछताछ में उसने बताया कि जमीन विवाद के कारण वह माओवादी संगठन में शामिल हुआ था, लेकिन 15 साल तक संगठन में रहने के बावजूद उसे इस विवाद में न्याय नहीं मिला। अब उसे संगठन में शामिल होने का पछतावा है। पुलिस के अनुसार, उसके परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी हो चुकी है और एक बेटा मजदूरी करता है।

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, गोलीबारी में 2 से 3 जवान घायल; मोटरसाइकिल सवार हमलावर फरार
VIDEO | Jammu and Kashmir: Terrorists fire at CRPF party in Kashmir Valley's Kulgam district, three CRPF personnel injured. More details are…

छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन अलर्ट; बड़ा तालाब में बैरिकेडिंग और गहराई चिह्नित
रांची: छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के विभिन्न जलस्रोतों और तालाबों में साफ-सफाई के…

















