रांची के कांके में हथियार के बल पर डकैती का खुलासा, छह गिरफ्तार; 4.24 लाख रुपये बरामद

रांची: कांके थाना क्षेत्र के गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में 13 अक्टूबर को हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट के 4.24 लाख रुपये, आठ मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दो वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 14 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे हथियारबंद अपराधियों ने रिंग रोड के पास गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान में डकैती की थी। अपराधी घर से कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के बखोरापुर निवासी बीर बहादुर सिंह और सुधीर कुमार, भोजपुर निवासी कम्मो देवी, चतरा जिले के करनी निवासी चंद्रशेखर पांडेय, बिहार के बक्सर जिले के सुरौधा निवासी सुमीत कुमार सिंह तथा औरंगाबाद निवासी रजनीश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें बरियातू, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि आरोपियों और उनके सहयोगियों ने अगस्त 2026 से ही घटनास्थल स्थित मकान की रेकी शुरू कर दी थी। इसके बाद कथित तौर पर संगठित गिरोह बनाकर वाहन और हथियारों का इंतजाम किया गया तथा डकैती की घटना को अंजाम दिया गया।
वारदात के बाद आरोपी ग्रे रंग की इनोवा कार (JH14C-4405) से फरार हुए थे। बाद में पिठौरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में चले गए। पुलिस ने इनोवा को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH01EX-1156) भी जब्त की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 4.24 लाख रुपये नकद और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बीर बहादुर सिंह के पास से 1.20 लाख रुपये और एक मोबाइल, सुधीर कुमार के पास से 1.04 लाख रुपये और दो मोबाइल, जबकि कम्मो देवी के पास से दो लाख रुपये और एक मोबाइल बरामद किया गया। शेष आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन मिले।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बीर बहादुर सिंह और रजनीश सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बीर बहादुर सिंह के खिलाफ भोजपुर जिले के बड़हरा थाने में वर्ष 2021 में चोरी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं, रजनीश सिंह के खिलाफ रामगढ़ जिले के पतरातू थाने में वर्ष 2020 में डकैती और लूट की संपत्ति रखने से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूटे गए कीमती जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रामरेखा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा, 11 पार्किंग स्थलों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मी
सिमडेगा: रामरेखा महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कंचन सिंह ने रामरेखा धाम परिसर में बैठक की। रामरेखा धाम…

लातेहार के जंगलों में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन, .303 राइफल और 72 कारतूस बरामद
पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई में आईईडी से जुड़े दो स्टील कंटेनर समेत हथियार और संदिग्ध सामान मिले लातेहार। झारखंड के…
















