amrapara-jewellers-robbery-case

पाकुड़ : अमड़ापाड़ा ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; हथियार और चांदी के जेवर बरामद

गोविंद पाठक

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पाकुड़। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट का पाकुड़ पुलिस ने 10 दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, 12,700 रुपये नकद, मोबाइल फोन और लूट में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान मालिक आकाश वर्मा के बयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 दर्ज किया गया था।

छह टीमों ने शुरू किया था ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल सह एसआईटी का गठन किया गया। पुलिस की छह टीमों ने मानवीय सूचना, वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर लगातार छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस ने देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका निवासी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ करीब प्रवीण कुमार यादव, बांका जिले के बंधुआकुरावा थाना क्षेत्र के तिवारीचक निवासी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव तथा बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के दलिया बौंसी निवासी कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव को गिरफ्तार किया।

RKDF
advertisement

करीब एक किलो चांदी के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब एक किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए। इनमें हेयर क्लिप, 33 चांदी के सिक्के, कमरबंद, तीन जोड़ी कड़े समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स लिखे तीन छोटे थैले, पांच जेवर रखने वाली ट्रे, आभूषण नापने की मशीन, छह प्लास्टिक के डिब्बे और जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर के दो टुकड़े भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 12,700 रुपये नकद भी मिले हैं।

हथियार और कारतूस भी बरामद

छापेमारी में पुलिस ने दो देशी कट्टा और अमेरिका निर्मित अंकित पिस्टल बरामद की है। इसके साथ 7.65 एमएम के पांच जिंदा कारतूस और .315 एमएम के दो जिंदा कारतूस तथा पिस्टल की खाली मैगजीन भी मिली है।

लूट में इस्तेमाल काले रंग की पैशन प्रो और पल्सर एन-160 मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है। इसके अलावा जीवा कंपनी का कीपैड मोबाइल, ओप्पो स्मार्टफोन और एमआई कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया।

मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पारो का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा समेत कई जिलों में लूट, डकैती और हथियार से जुड़े मामलों में वांछित रहा है।

पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 के बीच विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें देवघर के सारवां, सोनारायठाढ़ी, चितरा और मोहनपुर, बोकारो के पेटरवार और माराफारी, जामताड़ा नगर तथा गोड्डा नगर थाना के मामले शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ ज्वेलरी दुकानों, शराब दुकान और जुआ अड्डे में लूट तथा हथियार के बल पर वारदात करने से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए बाकी सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार के अलावा अमड़ापाड़ा, महेशपुर, पाकुड़िया, लिट्टीपाड़ा, रद्दीपुर, सिमलौंग, मालपहाड़ी, नगर थाना तथा तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now