नशामुक्त चाईबासा : युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : मानव घोष
अश्वनी पाठक / चाईबासा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चाईबासा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर मेरा युवा भारत, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शनिवार को महिला कॉलेज, चाईबासा में ‘नशा मुक्त युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में युवा आइकन मानव घोष मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों व समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में महिला कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य विकास मिश्रा, बीएड विभागाध्यक्ष मुबारक करीम हाशमी, डॉ. राजीव लोचन नमता, मदन मोहन मिश्रा, जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद, मेरा भारत की टीम, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो और मनीषा बिरुआ समेत बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद ने मेरा युवा भारत तथा विकसित भारत युवा नेता संवाद 2027 से संबंधित जानकारी दी। करीब 25 से 30 मिनट की प्रस्तुति में उन्होंने युवाओं के लिए सरकार की विभिन्न गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के अवसरों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान पर आधारित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। वीडियो के माध्यम से युवाओं को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।
अंत में कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत शपथ’ ली और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। आभार ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

















