राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स में पलामू का जलवा, खिलाड़ियों ने जीते छह पदक
अश्विनी पांडेय
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मेदिनीनगर। बोकारो जिले के चंदनकियारी स्थित खेल परिसर में आयोजित तृतीय झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में पलामू के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण समेत कुल छह पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
उपायुक्त ने विशेष रूप से शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाली सुहानी सिंह और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली शिवानी कुमारी को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि खेल में सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है। खेल के माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर मेहनत की भावना विकसित होती है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों से कहा कि वर्तमान उपलब्धि को अंतिम मंजिल न मानें, बल्कि इसे आगे बढ़ने की शुरुआत समझें। उन्होंने खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अभ्यास करने और अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पलामू में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच, बेहतर मार्गदर्शन और लगातार प्रोत्साहन मिले। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करने के साथ-साथ जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करने की अपील की।

















