छठ महापर्व को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, डीसी ने प्रमुख घाटों का किया निरीक्षण; सफाई और सुरक्षा के सख्त निर्देश
धुर्वा डैम में आवागमन सुगम बनाने, चेंजिंग रूम और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने का निर्देश; जतरा मेला मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
रांची: छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने काकें डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों की मौजूदा स्थिति और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
घाटों की सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर
उपायुक्त ने रांची नगर निगम को छठ पर्व से पहले सभी चिन्हित घाटों की पूरी तरह सफाई कराने का निर्देश दिया। घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई हटाने, आवश्यकतानुसार डीडीटी का छिड़काव करने और जल की स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। पर्व के दौरान सफाई कर्मियों की निरंतर तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि घाटों पर गंदगी जमा न हो।
धुर्वा डैम में आवागमन और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाट पर लगी जाली के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में संभावित परेशानी पर ध्यान दिया। भारी भीड़ को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने घाट क्षेत्र की सघन सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अर्घ्य देने के बाद कपड़े बदलने के लिए महिलाओं एवं पुरुषों के अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने को कहा। सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ टीम को भी आवश्यक तैयारियां दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
जतरा मेला मार्ग से हटेगा अतिक्रमण
छठ घाटों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, कांके रोड भी पहुंचे। यहां उन्होंने जतरा मेला की तैयारियों की समीक्षा की। पहुंच मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को तत्काल अतिक्रमण हटाने और रास्ता सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
पूजा समितियों से सहयोग की अपील
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी छठ पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के सहयोग से छठव्रतियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। पर्व के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य और छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें।

झारसुगुड़ा यार्ड में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रेल परिचालन प्रभावित, दिसंबर तक कई ट्रेनें रद्द
उत्कल एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी, साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला तक ही जाएगी; आजाद हिंद एक्सप्रेस भी होगी विलंब से रवाना जमशेदपुर:…

SSP के नाम पर उगाही करने का आरोप, सिदगोड़ा में स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
जमशेदपुर: शहर में जिला पुलिस कप्तान (SSP) के नाम पर कथित तौर पर अवैध कारोबारियों से पैसे की उगाही करने का मामला…

















