road-safety-campaign-ranchi-600-700

रांची में सड़क सुरक्षा अभियान, 600 से 700 बिना हेलमेट वाहन चालकों को किया गया जागरूक

Share
Link copied
road-safety-campaign-ranchi-600-700
road-safety-campaign-ranchi-600-700

रांची: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे करीब 600 से 700 लोगों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

अभियान के दौरान परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व है। लोगों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और अवैध पार्किंग से बचने की आदत विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को रोकने में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए जनसहभागिता पर जोर दिया गया। वाहन चालकों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नाटक के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणाम बताए गए। यमराज के पात्र के जरिए लोगों को प्रतीकात्मक तरीके से समझाया गया कि सड़क पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सड़क पर सामान नहीं फैलाने, फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने और वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। परिवहन विभाग की ओर से कहा गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार और अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मी और ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।