hemant-soren-invited-attend-marang-buru

हेमंत सोरेन को मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण

Share
Link copied
hemant-soren-invited-attend-marang-buru
hemant-soren-invited-attend-marang-buru

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को संथाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नवंबर में आयोजित होने वाले दो प्रमुख धार्मिक महासम्मेलनों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर आमंत्रण पत्र सौंपा।

पहला सम्मेलन 4 और 5 नवंबर 2026 को मरांग बुरु, मधुबन, पीरटांड़ (गिरिडीह) में आयोजित होगा। वहीं, 22 से 24 नवंबर 2026 तक टीटीपीएस, ललपनिया (बोकारो) में 26वां इंटरनेशनल संथाल सोशल-सरना रिलिजन कॉन्फ्रेंस आयोजित किया जाएगा। दूसरा सम्मेलन सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर होगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोनों महासम्मेलनों में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से सरना धर्मावलंबी शामिल होंगे। इन आयोजनों में आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज, धार्मिक आस्था और जनजातीय एकता को मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दोनों सम्मेलनों की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी पहचान और अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा सहित हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू और सोनाराम मांझी समेत संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।