jmm-general-secretary-seeks-response-bjps

झामुमो महासचिव ने भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव पर किया पलटवार, रोजगार और विस्थापन के मुद्दे पर मांगा जवाब

Share
Link copied
jmm-general-secretary-seeks-response-bjps
jmm-general-secretary-seeks-response-bjps

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के पास झारखंड की जनता के सामने रखने के लिए न कोई ठोस मुद्दा है और न ही अपने शासनकाल की उपलब्धियों का हिसाब। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक प्रस्तावों के जरिए झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

विनोद पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पर आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। भाजपा बताए कि उसके शासनकाल में युवाओं को कितने स्थायी रोजगार मिले, किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या किया गया और विस्थापितों को उनका अधिकार दिलाने के लिए कौन से ठोस कदम उठाए गए।

झामुमो महासचिव ने कहा कि आदिवासी-मूलवासी अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और स्थानीय अधिकार झारखंड आंदोलन की बुनियाद रहे हैं। झामुमो ने इन मुद्दों को लेकर लंबा संघर्ष किया है। यदि भाजपा वास्तव में आदिवासी-मूलवासी समाज के हितों की चिंता करती है, तो उसे अपने शासनकाल में जमीन, विस्थापन और स्थानीय अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और झारखंड के अन्य महानायकों के नाम पर राजनीति करना आसान है, लेकिन उनके विचारों के अनुरूप आदिवासी-मूलवासी समाज को अधिकार और सम्मान दिलाना अधिक महत्वपूर्ण है।

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताती है, लेकिन उसे केंद्र में लंबे समय तक सत्ता में रहने के दौरान रोजगार के अवसर पैदा करने के अपने प्रयासों का भी हिसाब देना चाहिए। झारखंड के युवाओं को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय रोजगार, बेहतर शिक्षा और सम्मानजनक भविष्य चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों, महिलाओं, किसानों, आदिवासियों, मूलवासियों और वंचित वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर भाजपा की आपत्ति उसकी राजनीतिक बेचैनी को दर्शाती है।

झामुमो महासचिव ने घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि घुसपैठ केंद्र सरकार का विषय है और झारखंड अंतरराष्ट्रीय सीमा से नहीं जुड़ा है। उन्होंने भाजपा से इस मुद्दे पर जवाब देने को कहा। विनोद पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन सवाल तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ उठाए जाने चाहिए। केवल आरोपों और नारों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि झामुमो जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय और झारखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा चाहे जितने राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर ले, जनता सरकार के कामकाज और जनहित में किए गए प्रयासों के आधार पर अपना फैसला करेगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।