टेल्को में 20 लाख के गहनों की चोरी, रिटायर्ड टाटा मोटर्सकर्मी के बंद क्वार्टर को चोरों ने बनाया निशाना
पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, अलमारी से गहनों का बैग और 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार
Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 में रहने वाले टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान के घर से करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये गये। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर मानगो स्थित अपने फ्लैट में रह रहे थे। रविवार रात जब परिवार वापस लौटा, तो घर के अंदर सामान बिखरा मिला और अलमारी से गहनों का बैग गायब था।
परिवार के लौटने पर हुई चोरी की जानकारी
जानकारी के अनुसार, शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ टेल्को स्थित क्वार्टर में रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं। शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह कम होने के कारण परिवार के सदस्य घर में ताला लगाकर मानगो स्थित श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चले गये थे।रविवार रात परिवार जब वापस क्वार्टर पहुंचा और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गया, तो कमरों का सामान बिखरा हुआ था। दूसरे कमरे में रखी अलमारी खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखा गहनों का बैग गायब है। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई। चोरी गये गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बतायी जा रही है। इसके अलावा चोर 15 हजार रुपये नकद भी ले गये।
पीछे की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए चोर
शमशेर खान के मुताबिक, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गये। वारदात के बाद चोर पीछे के रास्ते से ही निकल गये। घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैर के निशान मिलने की बात भी सामने आयी है।
सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान करने में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। जांच के दौरान चोरों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात में उनकी संलिप्तता से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। बंद क्वार्टर में हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच के नतीजों का इंतजार है।

जमशेदपुर में मौत के कुएं में बाइक में लगी आग, करतब दिखा रही युवती झुलसी
बर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में हादसा, जलकर खाक हुई बाइक; समय रहते आग पर काबू पाने से टला बड़ा खतरा जमशेदपुर: शहर…

धनबाद में बर्थडे पार्टी के बाद अभिजीत सिंह की हत्या, दोस्तों पर लाठी-डंडे से पीटने और बाइक चढ़ाने का आरोप
होटल पाम इन में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुआ विवाद, इलाज के दौरान 24 वर्षीय युवक की मौत; दो आरोपी गिरफ्तार,…

















