सरैयाहाट में कार पर तीन राउंड फायरिंग, टाटा मोटर्स के ईडीपी नितेश पाठक बाल-बाल बचे; एक गोली छूकर निकली
मोरियार गांव के पास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने कार को बनाया निशाना, गोली लगने से वाहन का शीशा और बॉडी क्षतिग्रस्त
दुमका। झारखंड के दुमका जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सरैयाहाट थाना क्षेत्र में सोमवार की रात बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने एक कार पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। कार में सवार नितेश पाठक इस हमले में बाल-बाल बच गए। हालांकि, एक गोली उन्हें छूकर निकल गई। फायरिंग में कार का शीशा और बॉडी भी क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, धौनी गांव निवासी नितेश पाठक सोमवार की रात अपने साथी पंकज मिश्रा के साथ देवघर से कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोठिया-तालझारी मुख्य मार्ग पर मोरियार गांव के समीप बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए लगातार तीन राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि नितेश पाठक देवघर स्थित टाटा मोटर्स में ईडीपी (EDP) के पद पर कार्यरत हैं। वह प्रतिदिन अपने गांव से देवघर आना-जाना करते हैं। सोमवार की रात भी वह रोजाना की तरह घर लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी, हमले की वजह तलाश रही टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद सरैयाहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग करने वाले दोनों अज्ञात अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और हमले के संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नितेश पाठक पर हमला किस वजह से किया गया? क्या अपराधियों का मकसद उन्हें जान से मारना था या इस घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा अन्य वजह है? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

गुमला में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की टक्कर के बाद 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से भिड़ा वाहन, चालक जिंदा जला
पालकोट रोड पर आधी रात हुआ दर्दनाक हादसा, आग बुझने के बाद ट्रक के केबिन से मिला चालक का कंकाल; राउरकेला से…

दुमका में कोयला खनन मुश्किल : 10 साल से 15 कोल ब्लॉक बंद, इधर जीएम का निजी चालक लापता
शिकारीपाड़ा में ग्रामीणों ने जीएम और सीओ समेत सात लोगों को बनाया था बंधक, छुड़ाने पहुंची पुलिस पर हुआ पथराव था ,करीब…

















