SIR और MMDR के विरोध पर भाजपा का हमला, बोली- जनता को गुमराह कर रही हेमंत सरकार

रांची: झारखंड में 25 और 26 नवंबर को SIR और MMDR के मुद्दे पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि सरकार विशेष सत्र के जरिए जनता को गुमराह करने और इंडी गठबंधन के राजनीतिक नैरेटिव को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने SIR को चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए इसके विरोध को राजनीतिक स्टंट करार दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में विधायक दल की बैठक हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नवीन जायसवाल ने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है। इसे चुनाव आयोग करा रहा है और झारखंड में BLO, जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार की एजेंसियां ही इस प्रक्रिया को पूरा कर रही हैं। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा इसका विरोध करना अपने ही प्रशासनिक काम पर सवाल उठाने जैसा है।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों के EVM पर सवाल उठाने को लेकर भी निशाना साधा। जायसवाल ने कहा कि यदि EVM से चुनाव कराने पर आपत्ति है तो हेमंत सोरेन सरकार और EVM से जीतकर विधानसभा पहुंचे झामुमो, कांग्रेस व राजद के विधायकों को पहले नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। इसके बाद ही उन्हें EVM की प्रक्रिया पर सवाल उठाना चाहिए।
MMDR के मुद्दे पर जायसवाल ने कहा कि यह कानून पूरे देश के लिए है, लेकिन झारखंड में इसका विरोध राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सेस और टैक्स के जरिए कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है, जिससे इसकी बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयासों का विरोध कर रही है।
नवीन जायसवाल ने दावा किया कि झारखंड में SIR की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले महीने मतदाता सूची जारी होने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव के मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे गए हैं तो संबंधित लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और BLO को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।
उन्होंने घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने की भी वकालत की और कहा कि अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल और मंजू कुमारी सहित अन्य विधायक उपस्थित थे।

28 नवंबर को खेलगांव में होगा झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य समारोह, तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। समारोह को…

चतरा में ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ अभियान शुरू, एसपी अनिमेष नैथानी खुद पेट्रोल पंप पहुंचे; बिना हेलमेट वालों को नहीं मिला तेल
सड़क हादसों में मौतों पर अंकुश लगाने के लिए चतरा पुलिस की पहल, एसपी ने खुद संभाली जागरूकता की कमान; बिना हेलमेट…

















