main-function-jharkhand-foundation-day-will

28 नवंबर को खेलगांव में होगा झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य समारोह, तैयारियों का डीसी ने लिया जायजा

Share
Link copied
main-function-jharkhand-foundation-day-will
main-function-jharkhand-foundation-day-will

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सोमवार को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने खेलगांव पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

मुख्य समारोह के साथ 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में भव्य मेला-सह-प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से अतिथियों, प्रतिभागियों और आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। इसके अलावा मेला परिसर में पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, नियमित साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने, प्रवेश और निकास द्वारों पर जरूरी इंतजाम करने तथा अतिथियों और आम लोगों के लिए सुगम यातायात एवं पार्किंग प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम स्थल और आवागमन मार्गों पर पर्याप्त रोशनी तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा।

उपायुक्त ने स्टॉल, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचने के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने के साथ जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय आयोजन में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें और समारोह से पहले सभी तैयारियां पूरी कर लें।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, एडीएम धनंजय, आईटीडीए की परियोजना निदेशक मनीषा तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।