रांची में जनता दरबार: डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, सिल्ली अंचल के अनुसेवक का वेतन रोकने का निर्देश

रांची: रांची समाहरणालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार, राशन कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सिल्ली अंचल में पदस्थापित अनुसेवक मंगरा भोक्ता से जुड़ी शिकायत पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उनकी पहली पत्नी ने बेटे और बहू पर मारपीट एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। महिला का आरोप था कि संपत्ति बेचने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने अनुसेवक को शो-कॉज करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में चिकित्सा सुविधा से जुड़े दो मामले भी सामने आए। खलारी निवासी शंकर प्रसाद गुप्ता ने अपनी 22 दिन की बच्ची के इलाज के लिए राशन कार्ड बनवाने का आवेदन दिया। वहीं, फेफड़े की गंभीर बीमारी से जूझ रहे बाली मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी और विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को दोनों मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा चर्च रोड निवासी विनय कुमार ने आर्थिक रूप से सक्षम होने के बाद राशन कार्ड से अपना नाम हटाने के लिए आवेदन दिया। उपायुक्त ने इस पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
जनता दरबार में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी, दाखिल-खारिज, पंजी-2 में सुधार और म्यूटेशन से जुड़ी शिकायतें भी आईं। जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र के आवेदनों पर उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों को दस्तावेजों की जांच कर पात्र लोगों को समय पर प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। पेंशन से संबंधित शिकायतों का भी त्वरित निष्पादन करने को कहा।
वर्ष 2010 से 2016 के बीच आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को आत्मसमर्पण नीति के तहत मिलने वाले लाभ से जुड़े मामले पर भी उपायुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। वहीं, वर्ष 2016 की होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थियों की शिकायत पर भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्रखंड, अंचल, पंचायत और थाना स्तर पर ही होना चाहिए। इन इकाइयों की जिम्मेदारी है कि सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचे। यदि किसी व्यक्ति की समस्या स्थानीय स्तर पर नहीं सुलझती है या उसका आवेदन लंबित रहता है, तो वह जनता दरबार में अपनी शिकायत रख सकता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने, शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और प्रत्येक आवेदन पर जवाबदेही के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

चतरा में ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ अभियान शुरू, एसपी अनिमेष नैथानी खुद पेट्रोल पंप पहुंचे; बिना हेलमेट वालों को नहीं मिला तेल
सड़क हादसों में मौतों पर अंकुश लगाने के लिए चतरा पुलिस की पहल, एसपी ने खुद संभाली जागरूकता की कमान; बिना हेलमेट…

बोकारो में क्वार्टर से उठी दुर्गंध ने खोला मौत का राज, अकेले रह रहे ASI का मिला शव; गोड्डा में रहता है परिवार
सेक्टर-2C के क्वार्टर नंबर 045 में मिला पुलिस लाइन में पदस्थापित ASI इमामवेल बास्की का शव, पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस;…

















