सरायकेला में हाथियों का आतंक: चार लोगों की मौत पर 16 लाख मुआवजा बांटा, फिर जंगल में मिला 60 वर्षीय ग्रामीण का शव
चांडिल वन क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष से दहशत; पांच घायलों को 3.75 लाख की सहायता, खेत देखने निकले सुकराम उरांव की मौत से फिर उठे सुरक्षा पर सवाल
सरायकेला-खरसावां। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में मानव-हाथी संघर्ष (Human-Elephant Conflict) लगातार गंभीर होता जा रहा है। चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों के हमले से ग्रामीणों की जान जाने और फसलों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को एक ओर वन विभाग ने हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों को कुल 16 लाख रुपये का मुआवजा सौंपा, वहीं दूसरी ओर खेत देखने घर से निकले 60 वर्षीय ग्रामीण सुकराम उरांव का शव दूसरे दिन धुंधाडीह जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि हाथी के हमले में कुचलने से उनकी मौत हुई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
चार मृतकों के परिजनों को 16 लाख, पांच घायलों को 3.75 लाख
सोमवार को चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी और ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से प्रभावित परिवारों को मुआवजे का चेक सौंपा। इस दौरान चांडिल रेंज के रेंजर सुरेंद्र गोप भी मौजूद रहे। वन विभाग के अनुसार, हाथियों के हमले में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इस प्रकार कुल 16 लाख रुपये वितरित किए गए। वहीं, पांच घायल ग्रामीणों को उनकी क्षति के अनुरूप कुल 3 लाख 75 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया। मुआवजा पाने वालों में सापारूम की राधा तांती, हरत की अमिता बाला और चैना देवी तथा कुकरू के मुनिराम गोराई के परिजन शामिल हैं। इसके अलावा चेलियामा, हुंडरू, आदारडीह और हरत के पांच घायल ग्रामीणों को भी सहायता राशि दी गई।
25 अप्रैल को हरत गांव में हाथी के हमले में दो लोगों की हुई थी मौत
चांडिल वन क्षेत्र का हरत गांव हाथियों के उपद्रव से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल रहा है। 25 अप्रैल को यहां हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ग्रामीण घायल हुए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था। प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ वन विभाग ने हाथी प्रभावित गांवों में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने की पहल भी की। इसके तहत ग्रामीणों के बीच सोलर लैंप वितरित किए गए, ताकि अंधेरे में आवागमन के दौरान उन्हें कुछ मदद मिल सके।
खेत देखने निकले सुकराम उरांव, दूसरे दिन जंगल में मिला शव
इसी बीच मानव-हाथी संघर्ष की एक और घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय सुकराम उरांव अपने खेत का जायजा लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। वन विभाग की टीम भी खोजबीन में जुटी, लेकिन पहले दिन उनका कोई पता नहीं चल सका। दूसरे दिन फिर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान धुंधाडीह जंगल में उनका शव बरामद हुआ। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। प्रारंभिक आशंका है कि जंगल में हाथी के संपर्क में आने के बाद कुचलने से उनकी मौत हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल अंत्येष्टि के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। वन विभाग ने विभागीय प्रक्रिया और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद निर्धारित प्रावधानों के तहत शेष मुआवजा देने की बात कही है।
मुआवजे के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत
चांडिल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हाथियों का विचरण लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। हाथियों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अब ग्रामीणों की जान पर भी खतरा मंडरा रहा है।ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से हाथी प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने, समय पर अलर्ट जारी करने, सुरक्षा दल को सक्रिय रखने और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूक करने की मांग की है।

देवघर में पुलिस का डबल एक्शन: साइबर ठगी के लिए फर्जी सिम सप्लाई करने वाला गिरोह बेनकाब, डकैती की साजिश रच रहे छह अपराधी गिरफ्तार
दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 13 आरोपी गिरफ्तार; 120 से अधिक सिम कार्ड जारी करने का खुलासा, 80 से ज्यादा सिम साइबर ठगी…
हजारीबाग में राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली; इलाके में बढ़ाई गई सतर्कता
डाटोखुर्द में पुलिस और गैंग के सदस्यों के बीच हुई मुठभेड़, दीप नारायण भगत और राहुल कुमार उर्फ रॉकी घायल; एसपी समेत…

दिल्ली में थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, नौ जवान घायल; जवाबी कार्रवाई में आरोपी को लगीं छह गोलियां
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस थाने के अंदर चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। जामा मस्जिद थाने में पारिवारिक विवाद…


















