police-personnel-stabbed-inside-police-station

दिल्ली में थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला, नौ जवान घायल; जवाबी कार्रवाई में आरोपी को लगीं छह गोलियां

Share
Link copied

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस थाने के अंदर चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। जामा मस्जिद थाने में पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए गए 25 वर्षीय युवक नबील ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे चितली कब्र इलाके में घेर लिया। यहां भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला किया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी को छह गोलियां लगीं।

थाने से भागकर छीना दोपहिया वाहन

पुलिस के मुताबिक, नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर पारिवारिक विवाद के संबंध में पूछताछ और काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन को निशाना बनाया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें सब-इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और एएसआई स्तर के जवान शामिल थे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। भागने के लिए उसने कथित तौर पर एक राहगीर का दोपहिया वाहन छीन लिया।

चितली कब्र इलाके में पुलिस टीम पर फिर हमला

घटना की जानकारी मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशंस यूनिट और स्पेशल स्टाफ की टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने उसे पुरानी दिल्ली के चितली कब्र इलाके में घेर लिया। बताया जाता है कि गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान नबील ने दोबारा चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान चार अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।इस तरह दोनों घटनाओं को मिलाकर कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए।

आठ राउंड फायरिंग, छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं

पुलिस के अनुसार, आरोपी के लगातार हमले और पुलिसकर्मियों के सामने पैदा हुए खतरे को देखते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की गई। कुल आठ राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से छह आरोपी के दोनों पैरों में लगीं। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पुलिसकर्मियों को भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया।

पहले भी दर्ज रहा है आपराधिक मामला

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी नबील के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 324 के तहत एक मामला दर्ज रहा है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।