गुमला में पुरुष नसबंदी अभियान का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित

निर्मल सिंह
गुमला: सदर अस्पताल गुमला के सभागार में शुक्रवार को पुरुष नसबंदी अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य पुरुष नसबंदी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और झिझक को दूर कर परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. शम्भू नाथ चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन की जिम्मेदारी केवल महिलाओं की नहीं, बल्कि पुरुषों की भी समान भागीदारी जरूरी है। पुरुष नसबंदी एक सुरक्षित और प्रभावी स्थायी परिवार नियोजन विधि है। इसके प्रति जागरूकता बढ़ाकर समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर किया जा सकता है।
अभियान के तहत 26 से 28 नवंबर तक विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके लिए डिजिटल जागरूकता रथ, डिजिटल स्क्रीन और एफपी स्टॉल के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सामुदायिक स्तर पर बैठकें आयोजित कर पुरुष नसबंदी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों और प्रखंड डाटा प्रबंधकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों का यह सम्मान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उनके योगदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी कर्मियों से इसी तत्परता के साथ काम करते हुए आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. केके मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. सुनील राम, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जया खा-खा, जिला लेखा प्रबंधक प्रमोद साहू, जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनित आनंद, अस्पताल प्रबंधक जिरेन कंडुलना, जिला आयुष्मान समन्वयक डॉ. मोनिका बाला सहित स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाले में बड़ी गिरफ्तारी, वाराणसी से जयनिवास पांडेय गिरफ्तार; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
🔴 खबर की बड़ी बातें बड़ी गिरफ्तारी: एसीबी ने वाराणसी से जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री को गिरफ्तार किया। 15 करोड़ का आरोप:…

जैक ने मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के फॉर्म भरने की तारीख बढ़ाई, अब 14 दिसंबर तक मिलेगा मौका
रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।…
















