दूसरी मंगलवारी पर श्रद्धा का सैलाब, संकट मोचन मंदिर में खीर प्रसाद वितरण
रांची : श्री महावीर मंडल रांची महानगर के तत्वावधान में दूसरी मंगलवारी के पावन अवसर पर मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद खीर प्रसाद का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंडल के महानगर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने सभी अखाड़ाधारियों से आगामी शोभायात्रा में पूरे उत्साह और भव्यता के साथ शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 22 मार्च 2026 को संकट मोचन हनुमान मंदिर के ऊपर स्थित हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रांची महावीर मंडल से जुड़े सभी अखाड़ों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर अखाड़ाधारियों को तलवार, महावीरी ध्वज एवं अन्य अस्त्र-शस्त्र भेंट किए जाएंगे।
वहीं, मंडल के सचिव कुणाल आनंद ने जजमान के रूप में पूजा में सहभागिता निभाते हुए भोग प्रसाद अर्पित किया। कार्यक्रम में संयोजक डॉ. दिलीप सोनी सहित रवींद्र वर्मा, रोहित शारदा, बादल सिंह, श्यामानंद पांडे, अमन कुमार सिंह, समीर कुमार, अश्वनी राज और साहिल चंद्र साहू समेत मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में भक्ति भाव, श्रद्धा और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


















