बस-बाइक की टक्कर में युवती की मौत, तीन गंभीर घायल; बस जब्त
गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोरीचक चौक के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। आशीर्वाद बस और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार 18 वर्षीय युवती जुली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की सूचना मिलते ही बलबड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेहरमा पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रणव राज ने जुली कुमारी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अन्य तीनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा रेफर कर दिया गया।
घायलों में 4 वर्षीय प्रिया कुमारी, 5 वर्षीय प्रीति कुमारी और 18 वर्षीय सोनू कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रिया और प्रीति, मृतका जुली कुमारी की बहन की बेटियां हैं। सोनू कुमार बाइक चला रहा था। सभी लोग अपने रिश्तेदार के यहां से लौटकर घर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार ने अचानक बाईं ओर से दाईं ओर वाहन मोड़ दिया, जिसके कारण सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती की मौके पर ही जान चली गई। बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद बस को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















